संतकबीरनगर। पुलिस विभाग की तरफ से जनजागरुकता, बैनर व प्रतियोगिता के माध्यम से नए अपराधिक कानून की जानकारी जन सामान्य को दी जाएगी। जीरो व ई एफआईआर, समयबद्ध न्याय, महिला एवं बाल संरक्षण, नए अपराध, प्रौद्योगिकी और फाॅरेंसिक उपयोगिता आदि के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है।
एक जुलाई 2024 से नए आपराधिक कानून लागू किए जा चुके हैं। इसके बारे में पहले सभी को पहले प्रशिक्षण देने के साथ ही प्रचार प्रसार भी किया गया। कार्यक्रम अधिक से अधिक सार्वजनिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान में चलेगा। वहां पर नए आपराधिक कानून जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर, समयबद्ध न्याय, महिला एवं बाल संरक्षण के प्रावधान, नए अपराध, प्रौद्योगिकी और फाॅरेंंसिक के उपयोग से संबंधित प्राविधान, पीड़ित केंद्रित प्राविधान आदि पर जागरूकता कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रकाश डाला जाएगा।
इसके लिए स्कूूलों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला तथा नुक्कड़ नाटक आदि की प्रतियोगिता भी कराया जाएगा। सार्वजनिक स्थल पर बैनर, पोस्टर, फ्लैक्स बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग नए आपराधिक कानून के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। संवाद