मेंहदावल। बिजली बिल राहत योजना को लेकर अधिशाषी अभियंता मेंहदावल पीके गुप्ता ने शनिवार को विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी से मुलाकात की। उन्हें योजना के बारे में अवगत कराते हुए सहयोग का अनुरोध किया। विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह सरकार की काफी बेहतर योजना है। उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाने के लिए आगे आएं। उन्हें इस योजना के तहत आकर्षक छूट दी जा रही है।
अधिशाषी अभियंता पीके गुप्ता ने कहा कि यह योजना काफी अच्छी है। लंबे समय से भुगतान न करने वाले विद्युत उपभोक्ताओं को इसके तहत बड़ा लाभ मिलेगा। विद्युत चोरी के प्रकरणों में राजस्व निर्धारण शुल्क पर भी छूट लागू है। इस वर्ष बिजली बिल में सौ फीसदी ब्याज के अतिरिक्त मूलधन पर भी 25 फीसदी छूट दी जा रही है। यह छूट द्वितीय चरण में केवल 20 प्रतिशत व तृतीय चरण में केवल 15 प्रतिशत रह जाएगी। बिजली चोरी के प्रकरणों में प्रथम चरण में राजस्व निर्धारण में 50 प्रतिशत, द्वितीय चरण में 45 प्रतिशत व तृतीय चरण में 40 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने 31 दिसंबर तक चलने वाले प्रथम चरण में ही योजना का लाभ लेने का अनुरोध उपभोक्ताओं से किया है। जिससे उन्हें अच्छा फायदा मिल सके।