लोहरौली। नए आपराधिक कानूनों को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत एएचएग्री इंटर कॉलेज दुधारा में सेमिनार का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक दुधारा अरविन्द शर्मा ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य एक ऐसी आपराधिक न्याय प्रणाली बनाना है जो न केवल नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करती है, बल्कि सभी के लिए शीघ्र न्याय सुनिश्चित करते हुए शासन को भी बनाए रखती है।
सेमिनार में वरिष्ठ उप निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने एनसीएल जागरूकता अभियान 2.0 के तहत प्रतिभागियों को 1 जुलाई 2024 से लागू हुए तीन नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर, समयबद्ध न्याय, महिला एवं बाल संरक्षण के प्रावधान, नए अपराधों की परिभाषा तथा प्रौद्योगिकी और फोरेंसिक के उपयोग से जुड़े नियमों पर विशेष चर्चा की गई। सेमिनार में साइबर ठगी से बचाव के उपायों, महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने पर विस्तार से चर्चा की गई। संवाद