मेंहदावल। नगर पंचायत के पक्का पोखरा पर स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर पर नाग पंचमी पर दंगल का आयोजन किया गया। इसमें 35 जोड़ी कुश्ती हुई। जीत हासिल करने वाले पहलवानों को पुरस्कृत भी किया गया। दंगल में चनगहिया निवासी पहलवान इंद्रजीत व कौवाठोर निवासी सुनील के बीच कुश्ती हुई। इसमें इंद्रजीत के दांव पर सुनील पहलवान पराजित हुए। मुजरी निवासी गुड्डू पहलवान तथा सडहरी निवासी सौरभ पहलवान के बीच कुश्ती हुई। दोनों पहलवानों ने दांव आजमाए लेकिन गुड्डू पहलवान का दांव सौरभ पर भारी पड़ गया और वह पराजित हो गए। जमोहारा निवासी पहलवान अभिमन्यु तथा मुजरी जनपद महाराजगंज के पहलवान आदित्य के बीच कुश्ती में अभिमन्यु के दांव पर आदित्य पहलवान चित हो गए।
सबसे रोचक कुश्ती बिगाड़ू पहलवान तथा सिकटौर निवासी जनार्दन के बीच रही। दोनों पहलवानों ने एक दूसरे को पटकनी देने के लिए हर स्तर का दांव अपनाया। इसमें बिगाड़ू के दांव पर जनार्दन पहलवान को आसमान देखना पड़ा। यह कुश्ती काफी रोचक रही।
मुख्य अतिथि अजीत सिंह व विशिष्ट अतिथि थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने जीत दर्ज करने वाले पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पंचमुखी शिव मंदिर के व्यवस्थापक साहब सिंह ने सभी पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई दी।ृ