संतकबीरनगर। दीपावली पर्व पर चाइनीज झालरों को स्वदेशी लाइटें टक्कर दे रही हैं। मिट्टी के बने दीपकों की भी डिमांड बढ़ गई है। लोग चाइनीज झालरों की जगह स्वदेशी लाइटों को ही पसंद कर रहे हैं। बाजार में तरह-तरह की स्वदेशी लाइटें आ गर्द हैं। कुम्हार दिनरात एक कर चाक पर दीपक बनाने में जुटे हुए हैं।
वोकल फाॅर लोकल अभियान को लेकर लोगों को जागरूक करने और चीन के उत्पादों के बहिष्कार के कारण लोग अब चाइनीज झालरों की जगह स्वदेशी लाइटें और मिट्टी के दीये खरीद रहे हैं, जिससे इनकी मांग में भारी वृद्धि हुई है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं जहां स्वदेशी झालरें बना रहीं हैं, वहीं कुम्हार मिट्टी के रंग-बिरंगे दीये बना रहे हैं। ये स्वदेशी उत्पाद न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था का समर्थन भी करते हैं।
इस बार दीपावली पर डिजाइनर स्वदेशी दीपकों से घर जगमग होंगे। इलाके के कुम्हार इन्हें बनाने में जुटे हैं। कुम्हार डाई मशीन और चाक से दीपक, कुल्हड़, मिट्टी के बर्तन तैयार कर रहे हैं। स्थानीय बाजार में खपत के साथ ही अन्य शहरों में भी सप्लाई दी जा रही है। खलीलाबाद शहर में लोगों ने घरों को सजाने के लिए स्वदेशी सामानों की दुकानें सजा रखी हैं। यहां पर स्वदेशी लाइटें, झूमर, सजावट के अन्य सामान उपलब्ध है। आकर्षक रूप में बने मिट्टी के दीये भी बाजार में आ गए हैं।
कुम्हार बिच्छन प्रसाद ने बताया कि इस बार मिट्टी के दीये की डिमांड बढ़ी है। कई दिनों से दीये तैयार कर लोगों को उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही मिट्टी के खिलौने, हाथी, घोड़ा और अन्य बना रहे हैं, इससे कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है। शहर में खरीदार करने आए अजय कुमार सिंह, राम फल आदि ने कहा कि इस बार चाइनीज सामानों की खरीद की जगह स्वदेशी लाइटें व मिट्टी के दीपक से घर को रोशन करेंगे।
खराब लाइटों को बदलने में जुटी पालिका
दीपावली के त्योहार को लेकर नगर पालिका प्रशासन भी सक्रिय हो गई है। जहां पर भी लाइटें खराब है वहां स्वदेशी एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके लिए मोहल्लों में कर्मियों को लगाया गया है। पालिका प्रशासन का दावा है कि एक से दो दिन में सभी मोहल्लों में लाइटों को दुरूस्त करा लिया जाएगा। नगर पालिका परिषद के ईओ अवधेश कुमार ने कहा कि दीपावली पर एलईडी लाइटें से मोहल्लों को जगमग किया जाएगा। इसके लिए कदम उठाए गए हैं।