जिला अस्पताल में मरीजों की जांच करते चिकित्सक डॉ कुमार सिद्धार्थ-संवाद
संतकबीरनगर। सुबह-शाम ठंड और दोपहर में तेज धूप से सर्दी, जुकाम, खांसी, गले में इंफेक्शन की समस्याएं हो रही हैं। जिला अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या इन दिनों बढ़ गई है। ओपीडी में रोजाना 100 से 130 मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टर दवा के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
शनिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 1310 मरीजों ने पंजीकरण करवाया। इसमें मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई दिया। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। होली पर खूब पटाखे फोड़े। धुएं से पुराने मरीजों को श्वास संबंधी परेशानी हो रही है। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि इनमें सांस और एलर्जी से पीड़ित करीब 100 से 130 मरीज थे।
डॉक्टर ने दवा के साथ जांच और सावधानी बरतने की सलाह दी। इस समय गले में खराश और जुकाम के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। उनका कहना है कि बदलते मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। वहीं, फिजिशियन डॉ. रामशंकर ने कहा कि बदलते मौसम में लोगों के गले में संक्रमण संबंधी समस्या अधिक आ रही है। इसमें बच्चों की संख्या अधिक है। ऐसे में ठंडे पानी, कोल्ड ड्रिंक, ठंडे जूस, लस्सी आदि का सेवन करने से बचना चाहिए।