संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस बल के साथ खलीलाबाद शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में यह गश्त मेंहदावल बाईपास से मधुकुंज तिराहे तक की गई।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को त्योहार के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर समय मुस्तैद रहने को कहा गया। संवाद
एसपी संदीप कुमार मीना ने आमजन से आपसी सौहार्द बनाए रखने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस पैदल क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार खलीलाबाद, कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे, यातायात प्रभारी परमहंस और एसपी के पीआरओ पीके गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।