जिला अस्पताल में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में सोमवार को कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम प्रेम रंजन सिंह और एसपी सत्यजीत गुप्त ने नवजात कन्याओं के जन्म पर केक काटा और आशीर्वाद दिया। प्रसुताओं को उपहार दिए गए। डीएम ने कहा कि बेटी भाग्य से होती है। बेटियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी में भेदभाव न करें। आज के दौर में बेटियां किसी से कम नहीं हैं। शासन, प्रशासन, पुलिस के साथ अन्य विभागों में बेटियां अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
एसपी सत्यजीत गुप्त ने कहा कि बेटियों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। जिस भी विभाग में लड़किया कार्य कर रही हैं, वहां बेहतर तरीके से योजनाओं का संचालन हो रहा है। वह अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी ने महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं कन्या सुमंगला योजना एवं हेल्पलाइन नंबर आदि के बारे में जानकारी दी।
कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में डीएम और एसपी ने कन्याओं के परिजनों को फल, तैलिया, कंबल, कपजे, जैतून के तेल तथा माताओं को शाल एवं प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान सीडीओ संत कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिरूद्घ सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी चतुर्वेदी, डॉ आरएस कन्नौजिया, अशोक सिंह, नारायण तिवारी, मोनिका शुक्ला आदि मौजूद रहीं।