सीएचसी के वार्ड में निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम मारकंडेय शाही ने गुरुवार को सीएचसी खलीलाबाद और जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह फैली गंदगी और पीने के पानी की समस्या मिलने जाने पर चिकित्सा अधीक्षक और सीएमएस पर कड़ी नाराजगी जताई। दोनों जगह शुक्रवार शाम पांच बजे तक व्यवस्था सुधार लेने की हिदायत देते हुए दोबारा जांच करने की बात कही।
डीएम ने बताया कि सबसे पहले वह सीएचसी खलीलाबाद का पहुंचे। जहां सीएचसी के अंदर वार्ड और परिसर में जगह-जगह गदंगी मिली। वार्ड में बेड पर बिछाई गईं चादरें काफी गंदी थी। चिकित्सा अधीक्षक का पर्यवेक्षण शिथिल पाया गया। पेयजल की समस्या भी सामने आई। शुक्रवार को पांच बजे तक टोटी का पानी और आरओ की व्यवस्था किए जाने का चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया है। वहीं जिला अस्पताल में भी वार्ड में जगह-जगह गंदगी मिली।
सीवर लाइन और आरसीएच वार्ड के सामने प्रथम तल पर महिला वार्ड के सामने व शौचालय में गंदगी साफ दिखाई दे रही थी। मरीजों के साथ तीमारदारों की संख्या अधिक होने से अव्यवस्था दिखी। इसके लिए सीएमएस को कड़े निर्देश दिए गए कि शुक्रवार को शाम पांच बजे तक व्यवस्था सुधार ले वरना दुबारा जांच में कमियां मिलने पर कार्रवाई कर दी जाएगी। जिला अस्पताल गेट पर आरो व वाटर कूलर की तत्काल व्यवस्था कराने की बात कहीं गई है। मुख्य गेट पर मरीज और तीमारदारों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की जितनी भी योजनाएं संचालित हो रही हैं, उसकी वीडीओ क्लिप तैयार कराने और एलसीडी प्लेयर के माध्यम से डिस्प्ले किए जाने का निर्देश दिया गया है। जिससे अस्पताल आने वाले लोगों को स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का जानकारी आसानी से हो। ओपीडी में मरीजों को बैठने और कूलर व पंखे की सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।