संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के जिगिना टोला शीतलपुरा गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर मनबढ़ों ने घर के पास एक व्यक्ति और उसकी बेटी को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक को सौंप दी है।
जिगिना टोला शीतलपुरा निवासी रामअचल ने धनघटा सीओ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका अपने भाई रामचंद्र से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते 3 नवंबर की शाम करीब छह बजे रामचंद्र, लालजी, रंभा और किरण ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।
पीड़ित का आरोप है कि चारों आरोपियों ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और कान में गंभीर चोटें आईं। शोरगुल सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी प्रियंका को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और पीटकर घायल कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस पूरे प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव को सौंपी गई है।