-जुलूस में संगीत की धुन पर युवा खूब थिरकते हुए खुशी का इजहार करते दिखे
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। दीपों का पर्व दीपावली के मौके पर नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं को स्थापित किया गया। उनके विसर्जन के लिए शनिवार को गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण कराने के बाद आमी नदी तट पर बने अस्थायी पोखरे में 53 मूर्तियों को विसर्जित किया गया। इस दौरान जुलूस में संगीत की धुन पर युवा खूब थिरकते हुए खुशी का इजहार करते दिखे।
गणेश-लक्ष्मी की शोभा यात्रा का जुलूस काजीपुर चौराहे से निकल कर डीह स्थान रेहरवा से होते हुए जामा मस्जिद रोड, जग्गुबाबू चौक, केला बाग, रानीबाजार पहुंचा। उसके बाद मूर्तियां आर्य समाज मंदिर के रास्ते मछली मंडी, नई बाजार, तकिया बाजार के रास्ते काजीपुर चौराहे से धोबी टोला, सूती मिल चौराहा, शेरपुर, जूनियर हाई स्कूल होते हुए पुलिस चौकी तक गईं। जहां से वापस गांधी आश्रम चौराहा के रास्ते आमी नदी तट पर बने अस्थायी पोखरे पर पहुंचीं।
लक्ष्मी पूजा समिति के सदस्यों द्वारा गणेश और लक्ष्मी की आरती उतारने के पश्चात उन्हें विसर्जित किया गया। चौकी प्रभारी मनीष जायसवाल ने बताया कि मगहर, खलीलाबाद तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कुल 53 मूर्तियां का विसर्जन हुआ है। इस दौरान एसडीएम सदर शैलेश कुमार दूबे, सीओ अजीत चौहान, कोतवाल सतीश सिंह, चौकी प्रभारी मनीष जायसवाल मौजूद रहे।