प्रशिक्षित लैब टेक्नीशियन व एमडी पैथोलॉजिस्ट नहीं
मरीजों की सेहत के साथ कर रहे खिलवाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। सांथा क्षेत्र में अवैध पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित हो रहे हैं। इन सेंटर पर न तो प्रशिक्षित लैब टेक्नीशियन है और न ही एमडी पैथोलॉजिस्ट हैं। सरकारी हो या निजी अस्पताल इन्हीं के तैयार रिपोर्ट के आधार पर इलाज कर मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
सांथा के एक अल्ट्रासाउंड पैथोलॉजी सेंटर पर ब्लॉक में तैनात कर्मी ने किडनी का अल्ट्रासाउंड कराया। डायग्नोसिस संचालक ने रिपोर्ट में बताया कि उनके किडनी में पथरी है। कर्मी ने गोरखपुर में जाकर दोबारा अल्ट्रासाउंड कराया तो वहां के रिपोर्ट में किडनी में पथरी ना होने की बात बताई गई तब जाकर उसे राहत मिली।
इसी तरह सांथा क्षेत्र के लोहरसन, गनवरिया चौराहा, सांथा धोबहा, राजेडीहा, में खुले तमाम डायग्नोस्टिक सेंटर पर अप्रशिक्षित लोग अल्ट्रासाउंड जांच धड़ल्ले से कर रहे हैं और मजबूरन लोगों को जेब ढीली करनी पड़ रही है। क्षेत्र के आफताब, साकिब, राजेश कुमार, सतीश चंद्र मिश्रा, विनोद कुमार वीरेंद्र कुमार आदि लोगों ने बताया कि सांथा क्षेत्र में मेडिकल स्टोर खोलें ज्यादातर लोग अवैध तरीके से सेंटर चला रहे हैं। यह सब स्वास्थ्य विभाग के जानकारी में हो रहा हैं क्योंकि लोगों की जांच रिपोर्ट सरकारी अस्पताल में भी जाता है।
लोगों का कहना है कि गलत रिपोर्ट के आधार पर अगर मरीज का इलाज होगा तो मरीजों के सेहत के साथ खिलवाड़ होता रहेगा। लोगों ने इस पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में सीएमओ रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि लगातार छापा मारकर अवैध तरीके से चल रहे सेंटर पर कार्रवाई हो रही है।