आईजी ने थाने में सुनी फरियाद, किया निरीक्षण
117 मुकदमों की विवेचना जल्द पूरे करने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। धनघटा थाने पर आयोजित थाना समाधान दिवस में शनिवार को आईजी बस्ती रेंज अचानक पहुंचे। उसके बाद उन्होंने फरियादियों की समस्या सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही आईजी ने थाने का निरीक्षण भी किया।
आईजी अनिल कुमार राय के समक्ष कुल 10 मामले पेश हुए। इनमें से दो का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। थाने के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव को देखा तथा रजिस्टर नंबर चार व आठ का अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि 117 मुकदमों की विवेचना लंबित है। इसे जल्द पूरा करने का आदेश दिया। थाने की बाउंड्री क्षतिग्रस्त देखकर मरम्मत व आरक्षी आवास के पास पेड़ को कटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो वाहन काफी दिनों से थाने पर खड़े हैं, उनकी नीलामी की कार्रवाई की जाए। शौचालय व आवास की सफाई पर आईजी ने संतोष व्यक्त किया।
कोतवाली में डीएम और एसपी ने सुनी फरियाद
- कुल 119 मामलों में 58 का निस्तारण हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद के समस्त थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 119 मामलों में से 58 का निस्तारण किया गया। कोतवाली खलीलाबाद में डीएम दिव्या मित्तल और एसपी डॉ. कौस्तुभ ने समस्याएं सुनीं।
कोतवाली पहुंची डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता में है। जो भी मामले आ रहे हैं, उसके निस्तारण के लिए शिकायतकर्ता को भी सूचना दी जाए। इस दौरान छह मामले आए और पूर्व के सात लंबित थे। दोनों में से सात का निस्तारण हुआ। इस अवसर पर कोतवाल मनोज पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे। दुधारा थाने में 10 मामले आए और पूर्व के 18 मामले लंबित थे, जिसमें से 15 का निस्तारण हुआ। महुली थाने में पांच मामले आए और नौ लंबित थे, जिसमें से सात का निस्तारण हुआ। मेंहदावल थाने में छह मामले आए और पूर्व के 14 लंबित थे, जिसमें से 12 का निस्तारण हुआ। बखिरा थाने में पांच मामले आए और एक मामला पहले का था, जिसमें से दो का निस्तारण हुआ। बेलहर कला थाने में चार मामले आए और पूर्व के पांच लंबित थे। उसमें से सात का निस्तारण हुआ। इसी तरह से धर्मसिंहवा थाने में चार मामले आए और पूर्व के सात लंबित थे। उसमें से सात का निस्तारण हुआ। धनघटा थाने में 10 मामले आए और पूर्व के आठ लंबित थे, उसमें से सात का निस्तारण हुआ।