खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल सस्ता होते तो सबको लाभ मिलता
किसानों ने कहा - इस बजट से कोई विशेष लाभ मिलनेवाला नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा (संतकबीरनगर)। केंद्र सरकार की ओर से बुधवार को आम बजट पेश किया गया। इस बजट के आधार पर किसानों ने मिलीजुली प्रतिक्रिया व्यक्त की है। किसानों ने कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक व डीजल आदि सस्ता किए गए होते तो सभी किसानों को समान रूप से फायदा मिलता। बजट को निराशा जनक बताते हुए किसानों ने कहा कि इससे कोई विशेष लाभ मिलने वाला नहीं है।
इनसेट
सरकार ने ऋण सीमा को बढ़ाकर किसानों को खेती करने में सहूलियत प्रदान की है। इसके साथ ही साथ मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है।
-रामकेश, टेम्हा
इनसेट
यह बजट झुनझुना वाला है। छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए बजट में कोई व्यवस्था नहीं की गई है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल आदि सामान सस्ता किए गए होते तो इसका लाभ सभी वर्ग के किसानों को मिलता।
-घनश्याम मौर्य, हांसडाड़ी
इनसेट
किसानों की आय को दोगुना करने का वादा सरकार करती है। लेकिन, जब बजट में आय को बढ़ाने के लिए व्यवस्था की बात आती है तो सरकार किनारा कर लेती है। सरकार को यदि किसानों की आय को बढ़ावा देना है तो उसे कृषि क्षेत्र के लिए व्यवस्था ठीक-ठाक करनी चाहिए।
-वीरेंद्र यादव, तुर्कवलिया नायक
इनसेट
छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए इस बजट में कुछ भी खास नहीं है। सरकार जिस तरह बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए कार्य कर रही है, उसी तरह का बजट बड़े किसानों के हित को ध्यान में रखकर केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया है। इस बजट से किसानों को कोई विशेष लाभ मिलने वाला नहीं है।
-कैलाश नाथ मिश्र, धनघटा