संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बड़गो गांव में पत्नी के रील बनाने की आदत से तंग आकर संदीप (28) नाम के युवक ने खुदकुशी कर ली। बृहस्पतिवार की सुबह कमरे में फंदे से लटकी उसकी लाश मिली। परिवार के लोगों ने बताया कि संदीप की पत्नी रील बनाती थी और इसे लेकर पति-पत्नी में विवाद होता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बड़गो गांव के रहने वाले रंजीत ने बताया कि उसका बड़ा भाई संदीप कुमार गौड़ गांव के ही एक कारोबारी के यहां काम करता था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे कारोबारी का ड्राइवर राहुल संदीप को बुलाने आया। रंजीत के मुताबिक मां ने राहुल को संदीप के कमरे में जगाने के लिए भेज दिया। राहुल कमरे में पहुंचा तो संदीप को फंदे से लटका देखा। इसके बाद राहुल शोर मचाते हुए बाहर आया। जानकारी पर परिवार और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। संदीप को फंदे से उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर कोतवाल पंकज कुमार पांडेय भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की पूछताछ में रंजीत ने बताया कि उसकी भाभी पिंकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करती थी। इसे लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद में संदीप ने खुदकुशी कर ली। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।