मेंहदावल। निकाय चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए हर प्रयास अपना रहे हैं। भले ही मेंहदावल नगर पंचायत अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए है, लेकिन महिला उम्मीदवारों के साथ परिजनों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।
मेंहदावल नगर पंचायत सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। 12 महिला उम्मीदवार अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रही हैं। इसमें सपा ने लक्ष्मी पत्नी रमेश निषाद को उम्मीदवार बनाया है। बसपा ने निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमिला जायसवाल पत्नी मोतीलाल जायसवाल को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने अंजना पांडेय पुत्र वधू चंद्रशेखर पांडेय को अपना उम्मीदवार बनाया है। उधर कांग्रेस ने तारा देवी पत्नी रविंद्र प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
चुनावी प्रचार का आलम यह है कि जहां एक तरफ भाजपा उम्मीदवार अंजना पांडेय के चुनाव प्रचार की कमान उनके ससुर पूर्व ब्लाॅक प्रमुख चंद्रशेखर पांडेय ने अपने हाथों में ले रखी है। वहीं बसपा उम्मीदवार निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमिला जायसवाल के पति पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल मतदाताओं के बीच अपने 10 वर्ष के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों पर वोट मांग रहे हैं। इस तरह समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लक्ष्मी निषाद के पति रमेश निषाद अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं के बीच जाकर मतदान करने की अपील कर रहे है।
कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार तारा देवी के पुत्र रजनी सिंह अपनी मां के चुनाव प्रचार की कमान संभाले हैं। मतदाताओं के बीच ससुर से लेकर पति तक की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पुराने संबंधों का हवाला देने के साथ ही गिले-शिकवे दूर करने में भी कोई कोर कसर प्रचारक नहीं छोड़ रहे। चुनावी प्रचार में निर्दलीय उम्मीदवारों का भी बोलबाला है। निर्दलीय उम्मीदवार कल्याणी तिवारी के पति पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन तिवारी प्रचार-प्रसार की कमान संभाले हैं। सब मिलाकर आलम यह है कि चुनावी प्रचार दिन प्रति दिन आगे बढ़ रहा है।
मतदाताओं को हर स्तर से प्रभावित करने की कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।