एचआर इंटर कॉलेज में एथलेटिक्स प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी-स्रोत विद्यालय
संतकबीरनगर। एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद में माध्यमिक विद्यालयों की दो दिवसीय तहसील स्तरीय एथलेक्टिस प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को हुआ। इस दौरान दौड़, हैमर थ्रो और लंबी कूद की प्रतियोगिता में अंकों के आधार पर एचआर इंटर कॉलेज विजेता हुआ। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
खेल शिक्षक जोखू प्रसाद ने बताया कि अंकों के आधार पर एचआर इंटर कॉलेज 114 अंक हासिल कर चैंपियन बना। वहीं संत कबीर आचार्य रामबिलास इंटर कॉलेज 67 अंक हासिल कर दूसरा स्थान, जीजीआईसी 60 अंक पाकर तीसरा स्थान, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज 59 अंक हासिल कर चौथे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 500 मीटर, 1000 मीटर आदि की दौड़ हुई। इसके साथ ही लंबी कूद, डिस्कस थ्रो, शाॅट पुट, हैमर थ्रो आदि की प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें विवेक यादव, अंश, अनूप, कृष्णा सिंह, अनिल चौरसिया, आदित्या यादव आदि ने दौड़ में अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का समापन प्रधानाचार्य अरूण कुमार ओझा ने किया।