- पुलिस ने महिला और मुख्य साजिशकर्ता को किया गिरफ्तार
- प्रोपराइटर ने 30 अगस्त को दो लाख 60 हजार रुपये चोरी होने शिकायत की थी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के छोटी सरौली स्थित अस्पताल के मेडिकल स्टोर से प्रोपराइटर के भाई ने चोरी कराया था। 30 अगस्त की रात में दो बजे अस्पताल के मेडिकल स्टोर से दो लाख 60 हजार रुपये चोरी होने का प्रोपराइटर सुनील कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्जकर सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरी की घटना में शामिल महिला और मुख्य साजिशकर्ता अस्पताल प्रोपराइटर के भाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सुनील कुमार यादव पुत्र महेन्द्र कुमार यादव निवासी सरौली ने सूचना दिया कि 27 अगस्त की रात्रि में महिला ने मेडिकल स्टोर की चाबी चोरी कर ली। इसके बाद 29 अगस्त की रात्रि में दो लाख 60 हजार रुपये चोरी कर लिए। सूचना के बाद मामले में केस पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने मामले से संबंधित आरोपी संतोष यादव पुत्र महेन्द्र कुमार यादव निवासी छोटी सरौली थाना कोतवाली खलीलाबाद एवं अंजली पाण्डेय पत्नी प्रमोद पाण्डेय निवासी मुसाबाद थाना कैम्पियरंगज जनपद गोरखपुर को सुगर मिल रोड के पास से चोरी के दो लाख 60 हजार रुपये व दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ समस्त कानूनी कार्रवाई पूरी करके कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
मोबाइल में सीसीटीवी फुटेज देखकर चोरी में किया महिला की सहायता
कोतवाल ने बताया कि अस्पताल प्रोपराइट के भाई संतोष कुमार यादव के मोबाईल मेें सीसीटीवी कैमरा एक्सेस था। जिसमें सीसीटीवी देखकर महिला की रुपये चोरी में सहायता किया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह आर्थिक रुप से परेशान थी और लोन चाहिए था। इसलिए संतोष यादव से सहायता करने के लिए कहा तो संतोष यादव ने उसके सामने शर्त रख दी कि तुम यदि उनके हॉस्पिटल का एक काम कर दोगी तब वह उनकी सहायता करेगें। गिरफ्तार आरोपी संतोष के कहने पर पहले चाबी चोरी की। इसके बाद 29 अगस्त को वहां गई तो कोई बाहर सो रहा था। इसलिए वापस चली आई, अगली रात में समय करीब 02.30 बजे मेडिकल स्टोर का दरवाजा खोलकर अन्दर जाकर कैश काउन्टर को खोलकर उमसें रखे 2,60,000 रुपये निकाल लिए। चोरी के दौरान सन्तोष यादव अपने मोबाइल से अस्पताल के सीसीटीवी कैमरा देखकर उसकी सहायता कर रहा था। मंगलवार को चोरी के पैसों को जमा करने बैंक में जा रहे थे कि पकड़ लिए गए। संतोष यादव ने पूछताछ में बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण अंजली पाण्डेय से मेडिकल स्टोर से रुपये चोरी कराया था।