सेमरियावां। सीएचसी सेमरियावां पर मरीजों को जल्द ही अल्ट्रासाउंड मशीन मिल सकती है। सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र पर मशीन स्थापित करने के लिए शासन को पत्र भेज दिया है। जल्द ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो जाएगी, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी। मरीजों को जांच के लिए शहर व निजी सेंटरों पर नहीं जाना पड़ेगा।
30 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां में इलाज के लिए जनपद के सेमरियावां ब्लॉक के साथ ही आंशिक रूप से बघौली, बेलहर कला, सांथा, बस्ती जनपद के साऊंघाट, रुधौली ब्लाॅक के गांवों के लोग आते हैं। सीएचसी सेमरियावां पर पांच लाख से अधिक जनसंख्या इलाज के लिए आश्रित है। प्रतिदिन 300-400 मरीज इलाज के लिए आते हैं। इनमें 10 फीसदी मरीजों को एक्सरे की सलाह चिकित्सक देते हैं, ताकि परीक्षण के हिसाब से इलाज किया जा सके।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वर्तमान समय में अल्ट्रासाउंड मशीन न होने से मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्र के मरीजों को कई किमी की दूरी तय कर उन्हें जिला अस्पताल लेकर बस्ती मंडल अस्पताल जाना पड़ता है।
कोट
सीएचसी सेमरियावां में गंभीर प्रसव की स्थिति में ऑपरेशन की भी व्यवस्था की गई है, जिससे महिलाओं को कहीं भटकना नहीं पड़ता। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मातृ मृत्यु दर में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।
-डाॅ. सुरेश चंद्र, अधीक्षक, सीएचसी सेमरियावां