होलिका दहन का शुभ मुहूर्त शाम 6:25 से रात 8:50 बजे तक रहेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मंगलवार को जिले में जलेगी बुराइयोंक की होलिका। बुधवार को रंग लगाकर घोलेंगे रिश्तों की मिठास। होली पर्व पर शहर से गांव तक तैयारियां तेज हो गईं हैं। जगह-जगह सम्मत जलाई जाएगी। जिला मुख्यालय के समय जी स्थान, गोला बाजार, बरदहिया बाजार समेत जिले में 1466 जगहों पर सम्मत तैयार किया गया है। निर्धारित समय पर मंगलवार की शाम को सम्मत जलेगी। उसके बाद प्रसाद वितरण होगा।
होली का पर्व बुधवार को मनाया जाना है। इसके लिए मंगलवार की शाम को सम्मत जलाई जाएगी। जगह-जगह लोगों ने सम्मत तैयार कर लिया है। सम्मत जलाने से पूर्व उसकी आरती उतारी जाएगी। सम्मत जलने के बाद प्रसाद का वितरण होगा। ज्योतिषाचार्य सुजीत महाराज ने बताया कि होलिका दहन का शुभ मुहूर्त सात मार्च को सायंकाल 6:25 से रात 8:50 बजे तक रहेगा। इस दौरान लोग होलिका दहन में शामिल हो सकते हैं। इस दिन शिव उपासना के साथ महामृत्युंजय का जप जरूर करें। उन्होंने बताया कि होलिका दहन की रात में सुंदरकांड का पाठ अवश्य करें।
...
सजी दुकानें,बढ़ी खरीदारों की भीड़
होली पर्व पर शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानें सज गई हैं। जहां तरह-तरह की पिचकारी, मुखौटा व होली के टीशर्ट बिक्री के लिए उपलब्ध है। दुकानों पर लोगों की भीड़ जुट रही है। शहर के गोला बाजार, मुखलिसपुर तिराहा, पुरानी तहसील रोड, समय जी स्थान, बैंक चौराहा आदि जगहों पर दुकानें सजी हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ जमा हो रही है। इसी तरह से मिठाई की दुकानों पर भी भीड़ है।
...
इमरजेंसी में डॉक्टरों की लगाई गई ड्यूटी
होली पर्व को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी पूरी कर ली है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। एंबुलेंस चालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। चर्म रोग विशेषज्ञ को भी अलर्ट किया गया है।
सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि होली को देेखते हुए सभी तैयारी पूरी है। एंबुलेंस चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह उस दिन सतर्कता बरतें। कोई भी सूचना मिलने पर उसे गंभीरता से लें। सभी सीएचसी और पीएचसी को भी अलर्ट किया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी ने बताया कि इमरजेंसी में सभी प्रकार की दवाएं व अन्य जरूरी उपकरण रखवा दिए गए हैं। चर्म व हड्डी रोग विशेषज्ञ की अतिरिक्त ड्यूटी तय की गई है।