संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद की पुलिस ने मगहर के एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को 2.10 लाख की चोरी के जेवरात, दो सिलिंडर तथा 31 सौ रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया। इस दौरान मगहर और बंजरिया में हुई चोरी की दो घटनाओं का भी खुलासा हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मगहर के काजीपुर धोबी टोला निवासी अभियुक्त अजय कुमार को चोरी के जेवरात (अनुमानित कीमत 2,10,000 रुपये ), 2 अदद गैस सिलिंडर व नकद 3 सौ रुपये के साथ कबीर चौरा वाले रोड पर सड़क के किनारे से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के पर एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट के तहत तीन केस दर्ज हैं, वह हिस्ट्रीशीटर भी है।
-
इन दो घटनाओं का हुआ है खुलासा
- मगहर के काजीपुर दीनदयालनगर निवासी निर्मला देवी के मकान के बाहर के गेट व चैनल का ताला तोड़कर चोरों ने 29 जुलाई की रात में सोने और चांदी के जेवरात चुरा लिए थे। साथ में तीन लाख रुपये नकद भी चोरी कर लिया था। इसमें चोरी के जेवरात बरामद किए गए।
- दुधारा थानाक्षेत्र के बघौली निवासी योगेश चन्द्र के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बंजरिया में स्थित गैस गोदाम का ताला तोड़कर 22 भरे हुए सिलिंडर 26 जून की रात में चुरा लिए गए थे। इससे संबंधित दो सिलिंडर बरामद किए गए।
-
बेच दिए सिलिंडर, चोरी के रुपये लेकर भाग गया साथी
अजय ने बताया कि डेढ़ माह पहले बंजरिया रोड इंडेन गैस गोदाम से 22 सिलिंडर चोरी किया था। जिसमें से 20 सिलिंडर गोरखपुर सीमा पर आने-जाने वाले ट्रक चालकों और राहगीरों को बेच दिया। उसके हिस्से के रुपये में से 1900 रुपये बचे हैं। 29 जुलाई को काजीपुर दीन दयाल मोहल्ले में रात को राजकुमार के घर में चोरी किया था, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात और नोटों की दो गड्डियां मिली थीं। इसमें से उसके साथी ने कुछ जेवरात और एक गड्डी में से कुछ रुपये उसे पन्नी में करके दिया और कहा कि बाद में गहनों और पैसों का बंटवारा कर लेंगे। बाद में उसने साथी की बहुत तलाश की परंतु वह नहीं मिला। वह सारा जेवरात व पैसा लेकर कहीं भाग गया है।