- पालिका के नालों को हाईवे के नाले से जोड़ने का नहीं हुआ कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। हाईवे के नाले कई जगह जाम हैं। इसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। साथ ही नगर पालिका के नाले भी हाईवे के नाले से जोड़े जाने थे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि डीएम ने जल्द ही नगर पालिका और हाईवे प्रशासन को इन नालों को साफ कराकर जलनिकासी कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में टेमा रहमत से मगहर ओवरब्रिज तक करीब 25 किलोमीटर की सीमा पड़ती है। डीएम ने पिछले दिनों हुई बैठक में हाईवे के किनारे के नालों की साफ-सफाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। इसके चलते जगह-जगह नाले ब्लॉक हैं। ऐसे में जिनके मकान हाईवे के किनारे हैं वहां जलभराव से घरों की नींव पर सीलन बढ़ गया है। साथ ही आसपास की फसल भी पानी में डूबी हुई है।
दूसरी तरफ हाईवे के नालों से पालिका के नालों को भी जोड़ा जाना है, ताकि जलनिकासी हो सके। इस पर भी काम नहीं हो सका है। अगर नालों की सफाई हो जाए तो लोगों को जलभराव से जहां राहत मिलेगी वहीं नगर पालिका क्षेत्र में भी जलनिकासी की समस्या का समाधान हो सकता है। क्षेत्र के निवासी दिलीप कुमार, शत्रुघ्न प्रसाद आदि ने कहा कि नालों की सफाई आवश्यक है। इससे जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
हाईवे के नालों की सफाई के लिए हाईवे प्रशासन और नगर पालिका को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल्द ही नालों की सफाई का कार्य पूरा कराया जाएगा। साथ ही नगर पालिका के नालों को भी इससे जोड़ा जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या का समाधान हो सके।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम