संतकबीरनगर। जिले में चार जून को होने वाली लोकसभा चुनाव की मतगणना को लेकर सुव्यवस्थित ढंग से कराने की प्रशासन और पुलिस की तैयारियां जारी है। मतगणना स्थल पर हाईस्पीड इंटरनेट सेवा की व्यवस्था और अनवरत विद्युत आपूर्ति की तैयारी तेज हो गई है।
25 मई को लोकसभा सीट के लिए हुए मतदान के बाद प्रशासन चार जून को होने वाली मतगणना की तैयारियों में जुट गया है। मतगणना स्थल पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। मतगणना का परिणाम लोगों तक पहुंचे इसके लिए हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की जा रही है। ताकि हर चक्र के परिणाम के दौरान कोई दिक्कत न आए। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी की व्यवस्था, पर्याप्त संख्या में अग्निशमन दल, मतगणना स्थल पर तीन व चार जून को मतगणना समाप्ति तक अनवरत विद्युत व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। मतगणना स्थल पर बने मीडिया सेंटर पर प्रत्येक राउंड की सूचना उपलब्ध कराने, मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन जमा कराने आदि का निर्देश दिया गया है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि मतगणना के दौरान परिणाम के लिए कोई दिक्कत न आए। इसके लिए हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था कराई जा रही है।