संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। सेमरियावां ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों में छात्र-छात्राओं में परीक्षा की तारीखें सामने आने के बाद एक ओर अच्छे अंक लाने की उम्मीद है। दूसरी ओर उन्हें परीक्षा का डर भी सताने लगा है। जैसे-जैसे परीक्षा की तिथि नजदीक आ रही है वैसे ही उनकी धड़कनें भी बढ़ रही हैं।
अब तक अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर रहीं छात्राएं समय-सारिणी देखकर विषयों की तैयारी को व्यवस्थित करने में जुट गई हैं। उनका कहना है कि परीक्षा नजदीक होने का एहसास अब पहले से ज्यादा हो रहा है। ऐसे में कमजोर विषयों पर अतिरिक्त समय देने के साथ सभी विषयों का नियमित अभ्यास करना जरूरी हो गया है।
सेमरियावां, बाघनगर, सोनौरा गौसी, बरगदवा कला और आसपास के गांवों की छात्राओं ने बताया कि स्कीम आने से पहले तैयारी चल रही थी लेकिन अब परीक्षा की तारीखों को ध्यान में रखकर पढ़ाई करनी होगी। कुछ छात्राओं के लिए यह पहली बोर्ड परीक्षा है, इसलिए उत्साह के साथ घबराहट भी है।
छात्राओं ने मोबाइल से दूरी बनाने, नियमित पढ़ाई करने और गणित समेत सभी विषयों पर ध्यान देने की बात कही।