जिलाअस्पताल में आईसीयू वार्ड का निरीक्षण के दौरान पूछताछ करतीं चिकित्सा एवं परिवार कल्याण सचिव।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। प्रदेश की चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव बी हेकाली झिमोमी ने गुरुवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में गंदगी देख वह भड़क गईं। मौके पर मौजूद सीएमओ और सीएमएस से नाराजगी जताते हुए परिसर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। सचिव के निरीक्षण के चलते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
स्वास्थ्य सचिव बी हेकाली झिमोमी सीधे जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में पहुंचीं। उन्होंने भर्ती मरीजों का हाल जाना। इस दौरान खराब पड़े वेेंटिलेटर को ठीक कराने का निर्देश दिया। वहां मौजूद संसाधनों के बारे में पूछताछ की। इस दौरान अस्पताल परिसर में बेहिसाब गंदगी देख बिफरीं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव ने कहा कि जहां मरीजों का इलाज होता है, वहीं गंदगी होने से तो बीमारी और फैलेगी। उन्होंने तत्काल सफाई कराने की हिदायत दी।
अगले निरीक्षण में गंदगी मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाह अधिकारियों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए छिड़काव कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नवनिर्मित महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। हो रहे कार्यों को देखा। सीएमओ को निर्देश दिया कि बिना कार्य पूर्ण हुुए अस्पताल को हैंडओवर नहीं होना चाहिए।
पूरी तरह से चेक कर लिया जाए जो भी कमी हो उसे कार्यदायी संस्था से दुरुस्त करा लिया जाए। इसके बाद सीएमओ कार्यालय पहुंचीं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव ने और वहां पर निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ. अभय चंद श्रीवास्तव, सीएएस डॉ. गिरीश चंद श्रीवास्तव, अपर सीएमओ डॉ. जीएन शुक्ल, डॉ. कपिल मुनि मिश्र, डॉ. एस रहमान, मनीष मिश्र, राम कुमार यादव समेत अन्य मौजूद रहे।