संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। ब्लॉक सभागार में संक्रामक रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव के साथ एडीओ पंचायत मईनुद्दीन सिद्दीकी ने बैठक की। इसमें संक्रामक रोग नियंत्रण, दिमागी बुखार से बचाव के लिए ग्राम प्रधान व ग्राम सचिवों को जागरूक किया गया।
एडीओ पंचायत पंचायत मईनुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि संक्रामक रोग अभियान में ग्राम प्रधान से शत-प्रतिशत सहयोग देने की अपील की गई है। ग्राम प्रधान इस अभियान के अपने ग्राम सभा के नोडल होंगे। निगरानी समितियों के माध्यम से कोविड एवं संचारी रोगों के विषय में निरंतर जागरूकता स्थापित करना तथा ऐसे कोविड से संक्रमित मरीजों को चिकित्सा उपलब्ध कराने में सहयोग करना होगा।
ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई, हाथ धोना तथा तथा घरों से जल निकासी के लिए जागरूक करना होगा। पंचायतों में एंटी लार्वा छिड़काव की व्यवस्था की जाए तथा जलाशयों एवं नालियों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, जिससे जल जनित बीमारियां न पनपने पाएं। गांव स्तर पर कचरा निस्तारण एवं प्रबंधन की व्यवस्था की जाए।
इस दौरान ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक राजेश पांडेय ने कहा कि एक जुलाई से 16 जुलाई तक दस्तक अभियान और 17 से 31 जुलाई तक संक्रामक रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाना है। इस दौरान ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष मोहम्मद इनामुल्लाह कुरैशी, ग्राम सचिव कुणाल सिंह, गुलाब चंद, योगेंद्र गौड़, देव प्रताप सिंह, प्रधान राम सागर चौधरी, योगेंद्र जायसवाल आदि मौजूद रहे।