संतकबीरनगर। जिले के 170 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर बिजली की व्यवस्था नहीं है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग अब इन केंद्रों को बिजली से लैस करने की तैयारी शुरू कर दी है। एक सप्ताह में सभी केंद्रों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिसकी तैयारी शुरू हो गई है।
सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में उप केंद्र स्तरीय हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित है। इन पर बिजली कनेक्शन नहीं है, जिसकी वजह से सेंटर संचालित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन पर बिजली कनेक्शन लिया जाना है। जिसके लिए शासन के निर्देश पर अगले सात दिनों में विद्युत कनेक्शन कराए जाने हैं। बिजली कनेक्शन के लिए यूपीपीसीएल पोर्टल पर कनेक्शन लिए जाने की व्यवस्था है। इसकी धनराशि अंटाइड फंड से व्यय किया जाना है।
उन्होंने सभी अधीक्षकों से अपने-अपने क्षेत्र के हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही एक सप्ताह में कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर कार्यालय को भी अवगत कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में लापरवाही न बरती जाए। यह शासन की प्राथमिकता में है।