विश्व स्तर पर सराही गई प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाएं: जय प्रताप
- स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने पीएचसी बघौली में किया मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का उद्घाटन
- स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में ली जानकारी, बेहतरी के लिए अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला जिले के 23 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को लगा। बघौली पीएचसी पर स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पीएचसी बखिरा, उपकेंद्र परसा पांडेय, नगरीय स्वास्थ्य उपकेंद्र कांशीराम आवास का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश सरकार के द्वारा की गई स्वास्थ्य सुविधाओं को विश्व स्तर पर सराहना मिली है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह माना कि कोविड-19 जैसी महामारी से निबटने के लिए उत्तर प्रदेश में जिस तरह से स्वास्थ्य सुविधाओं का नियोजन किया गया था। वह सबसे अलग और बेहतर था। घर के नजदीक जन-जन तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य मेले का आयोजन पुन: शुरू किया गया है। शुरुआती पांच स्वास्थ्य मेलों में ही हमने 25 लाख से अधिक मरीजों का उपचार किया था। उनके द्वार पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की थी। यह मेला समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने का उचित माध्यम साबित होगा। उन्होंने कहा कि अब सभी लोग कोरोना टीकाकरण की तैयारियों में जुटें तथा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निष्ठा से इस काम को पूरा करके प्रदेश को इस महामारी से मुक्त करने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने में धन की कमी आड़े नहीं आएगी। मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि जनकल्याणकारी नीतियों को लेकर प्रदेश सरकार बेहतर कार्य कर रही है। उन्हीं जनकल्याणकारी नीतियों में से एक है यह आरोग्य मेला। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सीके शाही ने कहा कि हम स्वास्थ्य सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह ने कहा कि जनपद में मेला के दौरान शत प्रतिशत स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति रही। इस दौरान एसीएमओ डॉ. मोहन झा, भाजपा जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव, विवेकानंद वर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सियाराम, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा शाही, टीबी कन्सल्टेंट कविता पाठक, बीसीपीएम नंदिनी राय समेत अन्य मौजूद रहे। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री कांशीराम आवास स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे और वहा का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र किराए के भवन में संचालित है। मंत्री ने सीएमओ से जमीन की तलाश कर उसका प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
1847 मरीज देखे गए, 40 का बना गोल्डेन कार्ड
मुख्यमंत्री आरोग्य मेला जिले की कुल 23 स्वास्थ्य इकाइयों पर लगा। जिसमें कुल 1847 मरीजों की जांच की गई। इनमें पुरुष 662, महिलाएं 933 तथा बच्चों की संख्या 252 थी। रोगियों में त्वचा रोग के सबसे अधिक 327 रोगी मिले। जबकि सांस के 201, मधुमेह के 131, ब्लड प्रेशर के 117, एनीमिया के 48 मरीज मिले। 889 मरीज अन्य रोगों से संबंधित रहे। वहीं आयुष्मान भारत के कुल 40 गोल्डेन कार्ड भी बनाए गए।