डीएम की संस्तुति लेने के बाद ही शुरू कर सकेंगे कार्य
सेमरियावां। कार्यकाल पूरा होने के बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना तक के लिए प्रशासक बनाए गए ग्राम प्रधानों को शासन ने ग्राम पंचायतों को सजाने संवारने की गाइड लाइन जारी कर दी है। इसके तहत विकास कार्यों की कार्ययोजना बनाकर डीएम की संस्तुति के बाद ही काम की शुरुआत की जा सकेगी। यही नहीं पुराने कार्यों का भुगतान लेने के लिए संबंधित कार्य के फोटोग्राफ्स सहित अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें चुने गए ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को पूरा हो गया है। पंचायत चुनाव में हो रही देरी के कारण शासन ने ग्राम प्रधानों को ही ग्राम पंचायत का प्रशासक नामित कर दिया है। शासन के इस कदम से सभी ग्राम प्रधान गदगद हैं।
प्रधानों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया। जिन गांवों में ग्राम प्रधान की मृत्यु या किसी अन्य कारण से प्रधान नहीं रहे, वहां एडीओ पंचायत को प्रशासक बनाया गया है। सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायतों में से 109 प्रधान प्रशासक बने हैं, जबकि चार ग्राम पंचायत भेलवासी, डिघवा, बढ़या माफी, रजापुर सरैया ग्राम पंचायत में एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी को प्रशासक बनाया गया है।
इसके बाद से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने के लिए ग्राम प्रधान शासन की गाइडलाइन का इंतजार कर रहे थे। अब शासन ने ग्राम पंचायतों को सजाने संवारने की गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके तहत प्रशासक अपनी ग्राम पंचायत में कोई भी विकास कार्य करा सकते हैं, लेकिन इससे पहले कार्ययोजना तैयार कर डीएम से अनुमति लेना अनिवार्य रहेगा। बिना अनुमति कराए गए विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो सकेगा।
इसके अलावा तमाम ऐसे ग्राम प्रधान भी हैं, जिन्होंने पहले से कराए गए कार्यों का किसी कारणवश भुगतान नहीं कराया है। ऐसे ग्राम प्रधान सेक्रेटरी के माध्यम से पूरे किए गए कार्य की फोटोग्राफ्स सहित सभी अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे। अभिलेखों और विकास कार्य का सत्यापन करने के बाद भुगतान कर दिया जाएगा।
00000
ग्राम पंचायत निधि के अधिकतर खाते खाली
कार्यकाल पूरा होने और प्रशासक नामित होने की आशंका के चलते ग्राम प्रधान अधिकतर ग्राम पंचायत निधि के खातों में जमा धनराशि निकाल चुके हैं। नतीजा अब इस मद में नई निधि आने के बाद ही कोई नया कार्य कराया जा सकेगा।
00000
विकास कार्य पहले की तरह चलते रहें, इसके मद्देनजर शासन ने ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नामित कर दिया है। शासन से जारी गाइडलाइन के मुताबिक विकास कार्य कराए जा सकेंगे।
-राधेश्याम चौधरी, एडीओ पंचायत, सेमरियावां