बालिकाओं की समस्या सुलझाने वाले हेडमास्टर होंगे सम्मानित
कम से कम 10 बालिकाओं की समस्या का करना होगा निदान
शासन की इस पहल से बालिकाओं का भविष्य होगा उज्जवल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ऐसी बालिकाएं जो स्कूल आने में समर्थ हैं और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन बालिकाओं की समस्या को सुलझाने के साथ ही शिक्षा की मुख्य धारा में शामिल करने वाले हेडमास्टर को सम्मानित किया जाएगा। एक हेडमास्टर को कम से कम 10 बालिकाओं की समस्या का निदान करना होगा। शासन की इस पहल से बालिकाओं का भविष्य उज्जवल होगा।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन को बढ़ाने को लेकर शासन ने पहल शुरू कर दिया है। इसके तहत हर विद्यालय के हेडमास्टर, मीना मंच की सुगमकर्ता और पावर एंजिल को जिम्मेदारी दी गई कि वह गांव की ऐसी बालिकाओं को चिह्नित करें जो विद्यालय न आती हों। एक हेडमास्टर को 10 बालिकाओं को प्रेरित कर शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ना होगा। इसमें बालिकाओं से बातचीत की जाएगी कि वे स्कूल क्यों नहीं आ रही हैं और उनकी समस्या क्या है। अगर माता-पिता स्कूल नहीं भेज रहे हैं तो उनसे बात की जाएगी। इसके बाद बालिकाओं की समस्या का निदान कर उनका विद्यालय में नामांकन कराया जाएगा और शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़कर उनका भविष्य संवारा जाएगा। 10 बालिकाओं की समस्या का निदान होने पर हेडमास्टर, मीना मंच की सुगमकर्ता और पावर एंजिल को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उनका नाम बीआरसी पर भी दर्ज होगा। ताकि अन्य शिक्षक भी प्रेरणा लें और वे भी बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने का कार्य करें।
कोविड से अनाथ बालिकाओं का भी होगा नामांकन
कोविड-19 के संक्रमण के दौरान अपने अभिभावकों को खो देने वाली बालिकाओं को परिषदीय विद्यालय और कस्तूरबा विद्यालय में नामांकन कराया जाएगा। इसके साथ ही उनका विद्यालयों में ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा। हर माह इन बालिकाओं के विद्यालयों में आने की समीक्षा की जाएगी। शासन ने ऐसी बालिकाओं की सूची जिला प्रोबेशन अधिकारी से वहां से प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
कोट
शासन की पहल पर बालिकाओं को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ना है। इसके लिए हेडमास्टर अपने क्षेत्र की 10 बालिकाओं की समस्या का निदान करेंगे और उनका नामांकन विद्यालय में कराएंगे तो उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। ताकि अन्य शिक्षक भी इससे प्रेरणा ले सकें।
-सत्येंद्र कुमार सिंह, बीएसए