धनघटा। क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार में चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
धनघटा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी जनार्दन यादव (45) पुत्र रामवृक्ष यादव सिद्धार्थनगर के हाइडिल (विद्युत निगम) थाने में दीवान के पद पर कार्यरत थे। होली पर घर आए थे। बाइक से लोहरैया की ओर जा रहे थे। वह रामजानकी मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा, टांडा के पास पहुंचे, तभी सामने से एक बाइक पर सवार दो लोग उनकी बाइक से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी देने के साथ ही एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार भेजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जनार्दन यादव को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता रामवृक्ष यादव, पत्नी शोभा देवी, बेटा सौरभ और बेटी स्वेता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना पर पहुंची धनघटा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।