दिमाग में स्रवित होने वाले हार्मोंस डोपामिन का संतुलन बिगड़ने से युवा कर रहे उटपटांग हरकतें
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर।
ब्रेन केमिकल्स और शरीर के अन्य हार्मोंस का असंतुलन जीवन में उथल-पुथल लाता है। खुशी देने वाले ब्रेन केमिकल डोपामिन के एंडोरफिन के अनियंत्रित होने से 17-20 साल के युवा स्टंटबाजी, तेज रफ्तार में बाइक चलाने जैसी हरकतें करने लगते हैं। इससे उनका खुद का जीवन तो खतरे में पड़ ही रहा है, कई बार उनके चक्कर में दूसरे भी प्रभावित हो जाते हैं। मनोवैज्ञानिक की मानें तो सोशल मीडिया पर लाइक,व्यूज के चक्कर भी युवा तेज रफ्तार बाइक चलाते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि युवा पढ़ाई, नौकरी, आर्थिक या पारिवारिक कारण या किसी अन्य वजह से भी तनावग्रस्त हो रहे हैं। इस वजह से उनके दिमाग में स्रावित होने वाले हार्मोंस डोपामिन का संतुलन बिगड़ जाता है। यह अंसुतलन ही उनसे उटपटांग हरकतें कराता है। इस दौरान अगर युवा किसी गलत रास्ते पर निकल पड़े तो वे खुद से रोक नहीं सकते। उन्हें रोकने के दो ही तरीके हैं। पहला परिवार और दूसरा पुलिस। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस स्थिति से बचने के लिए परिवार-समाज को मजबूत करने की जरूरत है तो योग और ध्यान से भी काफी राहत मिलती है।
खुद को बेहतर दिखाने के चक्कर में युवा चला रहे तेज बाइक
एचआरपीजी कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. दीप्शी सिंह ने बताया कि कई युवा खुद को दूसरे से स्ट्रॉंग, अलग और बेहतर दिखाने के चक्कर में स्टंटबाजी करते हैं। इस चक्कर में वे हादसे का शिकार हो जाते हैं। युवा मानसिक रूप से सशक्त दिखाना चाहते हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करना भी तेज रफ्तार का एक चलन बन गया है। बाइक चलाते समय भी लोग अपनी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। यह क्रेज खतरनाक है।
मालूम हो कि शहर में अक्सर युवा तेज रफ्तार बाइक चलाते दिख जाते हैं। इससे सड़क पर गुजरने वाले दूसरे वाहन चालक सहम जाते हैं। इस पर पुलिस भी रोक नहीं लगा पा रही है, सिर्फ चालान तक सीमित रह जा रही है। पुलिस ने इस जनवरी से अब तक तेज रफ्तार के मामले में 188 वाहनों का चालान कर चुकी है।
केस-1
तेज रफ्तार बाइक चलाने में गई दोस्तों की जान
धनघटा क्षेत्र के परसा गांव निवासी 21 वर्षीय अमित और 18 वर्षीय अतुल एक बाइक से रोसया बाजार से मंगलवार शाम घर लौट रहे थे। कुड़वा गांव के करीब उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे रखी गुमटी से टकरा गई, जिससे दोनों की मौत हो गई।
केस-2
पोल से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत
धनघटा क्षेत्र के रामजानकी मार्ग स्थित मलौली के पास नौ माह पहले एक युवक बाइक से तेज रफ्तार से जा रहा था। उसी दौरान वह अनियंत्रित हो गया और पोल से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
केस-3
मगहर में दो माह पहले एक युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। इसी दौरान वह बाइक से नियंत्रण खो बैठा और सामने जा रहे ट्रक में पीछे से घुस गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।