धनघटा(संतकबीरनगर)। नाथनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कड़सर के राजस्व गांव झकही चक के ग्रामीणों की शिकायत पर जांच करने पहुंचे डीपीआरओ ने लोगों से विभिन्न मामलों की जानकारी ली। आवास से वंचित पात्रों ने पीड़ा सुनाई तो शौचालय के लाभार्थियों ने बजट के अभाव में कार्य शुरू नहीं होने की बात कही। डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत की खुली बैठक बुलाने केा निर्देश देते हुए कहा कि शौचालय निर्माण के लिए बजट जल्द भेज दिया जाएगा।
झकही चक के 39 ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर गांव के विकास कार्य में मनमानी व पात्रों को योजनाओं का लाभ नहीं देने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर डीपीआरो आलोक कुमार प्रियदर्शी सोमवार को यहां जांच करने पहुंचे थे। शिकायतकर्ता जयराम के घर पहुंचे डीपीआरओ ने उसे आवास के लिए पात्रा माना, लेकिन वर्ष-2011 के सूची में नाम नहीं होने के कारण आवास नहीं मिलने की जानकारी पर नई सूची आने तक धैर्य रखने की सलाह दी। उसके बाद वह मरियम, फातिमा, रामदरश, शांती, रामवृक्ष आदि अन्य शिकायतकर्ताओं के घर जाकर भी जांच की। आवास के लिए पात्रता सूची में कई पात्रों का नाम नहीं है। ग्राम प्रधान रमेश व ग्राम पंचायत सचिव दिलीप पांडेय ने बताया कि शौचालय के लिए सभी 245 परिवारों की डिमांड सूची भेजी गई है, लेकिन अब तक धन नहीं मिला है।