धनघटा। क्षेत्र पंचायत हैंसर बाजार की बहुप्रतिक्षित बैठक बृहस्पतिवार को ब्लॉक सभागार में हुई। बैठक में 10 करोड़ की परियोजनाओं पर सदस्यों ने मोहर लगाई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख कालिंदी चौहान और संचालन सुभाष यादव ने की। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद्र चौहान व अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत पिछली करवाई पढ़कर सुनाने के साथ हुई। पशुपालन विभाग के अमित कुमार सिंह ने पशुओं के खान-पान और रखरखाव के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पशुओं का टीकाकरण समय-समय पर अवश्य कराएं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली के अधीक्षक डॉक्टर जितेंद्र चौधरी ने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से आभा आईडी बनवाने की अपील की।
एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में राज्य वित्त के मद में ग्राम पंचायत को दो करोड़ 98 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं, जिससे विकास कार्य किए जा रहे हैं। स्वच्छता अभियान के तहत 70 ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जा चुका है। दो ग्राम पंचायत में जमीन संबंधी विवाद होने की वजह से सामुदायिक शौचालय का निर्माण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि 69 पंचायत भवन बनाए जा चुके हैं, जिसमें बैठकर गांव के विकास संबंधी कार्य संचालित किया जा रहा है। 96244 पौधरोपण करने का लक्ष्य था लक्ष्य को शति प्रतिशत ग्राम पंचायत ने पूर्ण कर लिया है।
नवागत खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार दुबे ने सरकार के जरिए संचालित योजनाओं का पारदर्शिता के साथ संचालित करने का ग्राम पंचायत के प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कहीं कठिनाई आए तो इसकी जानकारी अवश्य दें।
बैठक का संचालन करते हुए विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की रकम लाभार्थी के खाते में सीधे पहुंच रही है। कहीं पर भी बिचौलियों की दाल गलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि हैंसर ब्लॉक का चौमुखी विकास किया जा रहा है।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र, हीरालाल, शिवकुमार सिंह, संजय बहादुर सिंह राठौर, पूनम चौहान, इंद्रावती देवी, भालचंद्र यादव, हरिराम, वीरेंद्र यादव, राणा सिंह, रामनारायन आदि लोग मौजूद रहे। बैठक के अंत में जब क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवकुमार सिंह अपनी बात रखने के लिए खड़े हुए तो हंगामा शुरू हो गया, जिससे वह अपनी बात पूरी तरह रख नहीं पाए। बैठक का समापन ब्लॉक प्रमुख कालिंदी चौहान ने किया।