नौनिहालों में गणित की क्षमता बढ़ाएंगे गुरुजी
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कक्षा एक और दो में पढ़ने वाले बच्चों में गणित विषय के प्रति समझ और रुचि विकसित करने के लिए सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में पढ़े भारत-बढ़े भारत योजना शुरू की है। इसके तहत पहले शिक्षकों को गणित विषय को सरल तरीके से पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। बाद में शिक्षक बच्चों को गणित पढ़ाएंगे। यह योजना अप्रैल में शुरू हो रहे नए सत्र से लागू की जाएगी।
गणित विषय के प्रति बच्चों का रुझान बढ़ाने के लिए सरकार ने पढ़े भारत-बढ़े भारत योजना की शुरुआत की है। पहले चरण में परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक और दो के छात्रों को शामिल किया गया है। विद्यार्थियों को गणित विषय सरल तरीके से कैसे पढ़ाएं, इसके लिए संबंधित शिक्षकों को प्रशिक्षित करने की योजना बनी है। इसमें ब्लॉक से लगायत जिले स्तर तक प्रशिक्षण आयोजित होगा। ब्लॉक स्तर पर चयनित प्रशिक्षक जिला स्तरीय कार्यशाला में प्रशिक्षण लेंगे। इसके बाद अपने-अपने विद्यालयों पर बच्चों के गणित विषय की क्षमता को विकसित करेंगे। जिले में 1074 प्राथमिक विद्यालय हैं। इसमें कक्षा एक के 20239 और कक्षा दो में 23088 बच्चेेे नामांकित हैं। राज्य परियोजना निदेशक डॉ. वेदपति मिश्र ने बीएसए को कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित कर उसकी वीडियोग्राफी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।