निर्माण इकाई के प्रभारियों और ठेकेदारों के साथ की बैठक
निर्माणाधीन पुलिस भवनों की प्रगति पर एसपी ने की समीक्षा
संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में निर्माण इकाई के प्रभारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर जनपद में निर्माणाधीन पुलिस भवनों एवं आधारभूत संरचनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में पुलिस लाइंस, नवसृजित बेलहरकला थाना, रिजर्व पुलिस लाइंस, मेंहदावल, धनघटा और साइबर थाना समेत विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन आवासीय एवं अनावासीय भवनों, बैरकों तथा विवेचना कक्षों की प्रगति का अवलोकन किया।
एसपी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण इकाइयों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर भवनों के हस्तांतरण की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस कर्मियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित कार्यस्थल उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि मजबूत पुलिस अवसंरचना जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, पीआरओ पीके गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।