- सेमरियावां ब्लॉक के अहिरौली प्रथम के प्रधान का वित्तीय अधिकारी सीज होने का मामला
- डीएम ने ग्राम पंचायत सदस्यों की तीन सदस्यीय टीम गठित की
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहिरौली प्रथम में प्रधान के दायित्वों का संचालन ग्राम पंचायत सदस्यों की तीन सदस्यीय टीम करेगी। ग्राम प्रधान का वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज किए जाने के बाद डीएम ने कमेटी का गठन कर दिया है। सोमवार को तीन सदस्यीय टीम ने बैठकर ग्राम पंचायत सदस्य राजीव प्रताप सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर से ग्राम निधि खाता संचालन के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
अहिरौली प्रथम गांव के जयराम पुत्र पल्टू ने 15 बिंदुओं और गांव के उमेश सिंह पुत्र गनपत सिंह ने पांच बिंदुओं पर ग्राम प्रधान के खिलाफ डीएम से शिकायत की थी। मामले की जांच के लिए भूमि संरक्षण अधिकारी, सिंचाई एवं जल संसाधन और जिला सहायक अभियंता नलकूप खंड की टीम से रिपोर्ट मांगी थी। जांच अधिकारियों ने जांच पूर्ण कर जांच आख्या प्रस्तुत किया।
जांच अधिकारियों की रिपोर्ट के मुताबिक परिवार रजिस्टर के नवीनीकरण के लिए 21 हजार 950 रुपये की अनियमितता सामने आई। जिसके लिए ग्राम प्रधान विनय सिंह एवं तत्कालीन ग्राम सचिव मोहम्मद अफजल दोषी पाए गए हैं। शिकायत पर कराई गई जांच रिपोर्ट पर डीएम ने ग्राम प्रधान विनय सिंह का वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार पहली जून को सीज कर अंतिम जांच उपायुक्त श्रम रोजगार को सौंपी।
ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के संचालन के लिए बीडीओ सेमरियावां से निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों के नाम मांगे गए। जिसमें वार्ड नंबर एक से ग्राम पंचायत सदस्य राजीव प्रताप सिंह, वार्ड नंबर छह से दिनेश चौहान व वार्ड नंबर आठ से धनपत को नामित किया गया है। नामित तीन सदस्यीय समिति की बैठक कराकर उनकी सहमति से एक सदस्य को ग्राम पंचायत के ग्राम निधि खाता संचालन के लिए डिजिटल हस्ताक्षर पंजीकरण के चयन करने के लिए बीडीओ को कहा।
सोमवार को एडीओ पंचायत मईनुद्दीन सिद्दीकी की देखरेख में ग्राम सचिव देव प्रताप सिंह ने तीन सदस्यीय समिति की बैठक की। एडीओ पंचायत में बताया कि समिति ने राजीव प्रताप सिंह के हस्ताक्षर से ग्राम निधि खाता संचालन का निर्णय सर्वसम्मति से लिया। अब इनके डिजिटल हस्ताक्षर से ग्राम निधि खाता संचालन होगा।