लोहरैया। किसानों की आय बढ़ाने और तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से कराए गए अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन में गिरनार-4 मूंगफली प्रजाति ने बेहतर प्रदर्शन किया।
ग्राम छपरा मगरबी में किसान के खेत पर कराए गए प्रदर्शन के बाद कृषि वैज्ञानिकों ने फसल का निरीक्षण किया। फली गठन, दाने का भराव और दाने की गुणवत्ता बेहतर मिलने पर वैज्ञानिकों ने गिरनार-4 को क्षेत्र की मिट्टी और जलवायु के अनुकूल संभावनाशील प्रजाति बताया।
कृषि विज्ञान केंद्र बगही की ओर से तिलहन फसल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (सीएफएलडी-तिलहन) कराया गया था। इसके लिए केंद्र की ओर से किसान को गिरनार-4 प्रजाति का बीज उपलब्ध कराया गया। किसान ने वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार फसल की खेती की।