गायघाट दक्षिणी गांव के करीब बहती घाघरा नदी।
- 78.555 मीटर पर स्थित है घाघरा का जल स्तर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। दो दिन से घाघरा नदी का जलस्तर 78.550 मीटर पर स्थिर है। जिससे तटवर्ती गांव के लोग राहत तो महसूस कर रहे हैं लेकिन जिले के पूर्वी सीमा पर स्थित गायघाट दक्षिणी गांव के कई लोगों का मकान कटान की जद में आ गया है। लोगों का कहना है कि पिछले वर्षों की भांति घाघरा नदी ने इस वर्ष कटान की तो पूरा गांव धारा में समाहित हो सकता है।
पिछले सप्ताह बढ़ते क्रम में घाघरा नदी का जलस्तर 78.800 मीटर पर पहुंच गया था। नदी का पानी बढ़ने से घाघरा नदी और एमबीडी बांध के बीच में से 35 गांव में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा था। उस के दूसरे दिन नदी का जलस्तर घटना शुरू हो गया और धीरे-धीरे करते हुए मंगलवार को 78. 550 मीटर पर पहुंच गया। गायघाट दक्षिणी गांव के लोगों को अब कटान का भय सताने लगा है। ग्रामीण तिलकधारी, सुभाष, कन्हैया लाल, रामनिवास, ईश्वर चंद, रामकरन आदि का कहना है कि घाघरा नदी गायघाट दक्षिणी गांव से सटकर बह रही है। फिलहाल इस वर्ष नदी अभी तक कटान तो नहीं कर रही है। लेकिन अभी बारिश में आधा से अधिक समय शेष है। इस दौरान नदी यदि कटान शुरू की तो नदी के किनारे स्थित 25 लोगों का मकान नदी की धारा में विलीन होते देर नहीं लगेगा।
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सतीश चंद्र का कहना है कि नदी का जलस्तर घटकर 78.550 मीटर पर पहुंच चुका है। इस समय बाढ़ का कहीं पर भी कोई खतरा नहीं है।