संतकबीरनगर। जनपद में स्मार्ट कार्ड डीएल बनवाना अब काफी आसान हो गया है। इससे संबंधित सूचनाएं विभागीय टोल फ्री नंबर पर मिलेंगी। इसके अलावा कई और भी आवश्यक सूचनाएं विभागीय नंबर पर आसानी से जन सामान्य के लिए उपलब्ध होंगी। लोगों को कार्यालय पहुंचकर सूचना लेने से छुटकारा मिल जाएगा।
संभागीय परिवहन विभाग दिन प्रतिदिन हाईटेक होता जा रहा है। पूर्व में ही विभाग की काफी सेवाएं ऑनलाइन की जा चुकी हैं। इससे लोगों को घर बैठे अपना काम कराना आसान हो गया। विभाग की तरफ से ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित लगभग 14 से ज्यादा सेवाओं को पहले ही ऑनलाइन कर दिया गया है। जिससे आवेदकों ने घर बैठे अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना, उसके सुधार करवाने से लेकर सभी आवश्यक एवं जरूरी सेवाएं प्राप्त कर रहे है।
इधर विभाग की तरफ से स्मार्ट कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस बनाना शुरू कर दिया है। इसके बारे में ज्यादातर लोगों को जानकारी नहीं है। इसकी वजह से लोग भटकते हैं। एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने बताया कि स्मार्ट कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस की प्रिंटिंग, पर्सनलाइजेशन, डिस्पैच एवं डिलिवरी का कार्य प्राइवेट संस्था के द्वारा किया जाता है। कार्यदाई संस्था ने डाक्यूमेंट की शर्तों के अनुसार आम जनमानस की सुविधा के लिए स्मार्ट कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित समस्या का निराकरण के लिए टोलफ्री हेल्पलाइन नंबर 9773769900 प्रारंभ किया है।
आवेदक अपने स्मार्ट कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस की प्रिंटिंग, पर्सनलाइजेशन, डिस्पैच एवं डिलिवरी से संबंधित किसी भी समस्या के निराकरण के लिए हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। उनके समस्या का निराकरण घर बैठे आसानी से हो जाएगा।