संतकबीरनगर। शासन ने उपभोक्ताओं को सुविधा देने के लिए एकमुश्त समाधान योजना लागू की है। यह आठ नवंबर से 31 दिसंबर तक तीन चरणों में लागू की जाएगी। पहला चरण आठ से 30 नवंबर, दूसरा चरण एक दिसंबर से 15 दिसंबर तथा तीसरा चरण 16 दिसंबर से 31 दिसंबर तक चलेगी। अधिशासी अभियंता रणधीर कुमार ने बताया कि योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं तथा किसानों को सरचार्ज में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। अधिकतम 12 किश्तों में बकाये राशि के भुगतान की सुविधा प्रदान की गई है। योजना के अन्तर्गत विद्युत चोरी के प्रकरणों में उपभोक्ताओं को भी एकमुश्त भुगतान या किश्तों के माध्यम से भुगतान की सुविधा दी गई है। उन्हें उनके मूल बकाए और जुर्माने की राशि पर 75 प्रतिशत छूट का लाभ दिया जाएगा। संवाद