संतकबीरनगर। मतदान के दिन पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदाता की तस्दीक महज दो रुपये में हो जा सकती है। मतदान के दिन प्रत्याशियों की ओर से बूथ पर एजेंट तैनात किए जाते हैं। यह एजेंट खासतौर पर फर्जी मतदाताओं पर निगाह रखते हैं। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से की गई व्यवस्था के अनुसार यदि किसी एजेंट द्वारा किसी मतदाता के फर्जी होने की शिकायत दर्ज कराई जाती है तो उसे पीठासीन अधिकारी के पास दो रुपये जमाकर उस वोट को चैलेंज करना होगा। पीठासीन अधिकारी द्वारा वोटर से उसका नाम, पिता का नाम, पता, घर में कितने वोटर हैं आदि सहित कई बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। वोटर के जवाब से संतुष्ट न होने पर क्षेत्रीय पार्षद या ग्राम प्रधान से जानकारी ली जाएगी। मतदाता के सही साबित होने पर उसे वोट डालने का मौका दिया जाएगा। जबकि, फर्जी वोटर पाए जाने पर पीठासीन अधिकारी उसके खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए उसे पुलिस के हवाले कर देंगे।