संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एसओ महुली दुर्गेश पांडेय की अगुवाई में पुलिस टीम ने शुक्रवार को आमजन को किसी भी प्रकार की अफवाहों से सचेत करने के उद्देश्य से क्षेत्र में स्थित गैस एजेंसी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गैस एजेंसी पर उपलब्ध गैस की मात्रा तथा वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
एजेंसी संचालक ने बताया गया कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस टीम ने वहां उपस्थित उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से बचें। गैस की पर्याप्त उपलब्धता होने के कारण घबराएं नहीं और अनावश्यक भीड़ लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
एसओ महुली ने आमजन से अपील की कि सभी उपभोक्ता अपने निर्धारित नंबर एवं क्रम के अनुसार ही गैस प्राप्त करें। एजेंसी परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
एसओ ने स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।