एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकालने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
धनघटा (संतकबीरनगर)। धनघटा पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। तलाशी में उसके पास से 19 एटीएम कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि आरोपित युवक सीधे-साधे लोगों का एटीएम कार्ड बदल कर उन्हें ठगी का शिकार बनाता था। उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पुलिस तलाश में जुट गई है।
एसओ आरके गौतम ने बताया कि मंगलवार की रात गश्त के दौरान धनघटा में चार युवक संदिग्ध रूप से टहलते दिखाई दिए। पुलिस जब उनके पास पहुंची तो चारों भागने लगे। एक को दौड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम दुर्गा प्रसाद ग्राम दुबौलिया रामचरन जिला गोंडा का निवासी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास 19 एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके साथ राहुल सिंह, विवेक सिंह और नान्हू पांडेय थे। बैंकों पर लगे एटीएम के आसपास वह और उसके साथी रहते हैं। सीधे-साधे लोगों को बेवकूफ बनाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लेते हैं, फिर उनके खाते से रकम की निकासी करते हैं। एसओ ने बताया कि गिरोह के लोग धोखाधड़ी करके लोगों का रकम निकाल लेते हैं। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। जबकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।