शहीद गण्ाेश्ा के घरवाले सीएम से मिलने के लिए रवाना हुए।
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू कश्मीर के उड़ी में आतंकी हमले में शहीद हुए मेंहदावल क्षेत्र के घूरापाली गांव निवासी गणेश शंकर यादव के घरवालों से आज सीएम अखिलेश यादव अपने आवास पर मिलेंगे। उम्मीद है कि सीएम इन लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को जानेंगे।
दरअसल, उड़ी में हुए आतंकी हमले में शहीद 18 जवानों में घूरापाली निवासी सेना के जवान गणेश शंकर यादव भी थे। घटना की जानकारी के बाद घरवाले सदमे में हैं। जबकि पत्नी गुड़िया बीमार हैं। सीएम के विशेष सचिव ने डीएम को पत्र भेजकर शहीद के घरवालों को सीएम के निर्देश की जानकारी दी थी। इसी क्रम में डीएम ने सोमवार को तहसीलदार धनघटा राजेश श्रीवास्तव की देखरेख में शहीद गणेश के घरवालों को लखनऊ जाने के लिए दो चार पहिया वाहन घूरापाली गांव भिजवाया।
साथ में महिला आरक्षी पार्वती यादव और एचसीपी महेश यादव भी गए। प्रशासनिक व्यवस्था के बीच घर से शहीद की पत्नी गुड़िया, उसके बच्चे खुशबू, आकृत और खुशी, शहीद के बड़े भाई सुरेशचंद यादव ,मां कलावती और बहन इंद्रावती सीएम से मिलने लखनऊ रवाना हुए। मंगलवार को पूर्वाह्नन 11 बजे सीएम अपने आवास पर शहीद के घरवालों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
शहीद के बड़े भाई सुरेशचंद ने बताया कि भाई के शहीद होने पर फख्र है, लेकिन उसकी जुदाई का गम जिंदगी भर सताएगा। सीएम से मुलाकात होने पर कुछ मांगे रखी जाएंगी, जैसे शहीद के बच्चों की पढ़ाई लिखाई ठीक से हो जाए, गैस एजेंसी अथवा पेट्रोल पंप दिया जाए। बड़े भाई को छोटी मोटी कोई नौकरी दे दिया जाए, जिससे परिवार का गुजारा हो सके।