संतकबीरनगर में गिरा फ्यूल टैंक।
- फोटो : अमर उजाला।
झीनखाल बंजरिया में धान के खेत में सोमवार दोपहर जगुआर प्लेन के दो फ्यूल टैंक गिरे। टैंक गिरा देख खेत में काम कर रहे किसान और मजदूर भाग खड़े हुए। थोड़ी देर में मौके पर काफी लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। कुछ देर बाद एयरफोर्स के अफसर गोरखपुर से पहुंचे और फ्यूल टैंकों को अपने साथ ले गए।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:40 बजे बंजरिया के सिवान में बघौली निवासी अनिल राय के धान के खेत में मजदूर पानी भर रहे थे। अनिल भी वहीं थे। इसी दौरान एक-एक करके दो बार तेज आवाज हुई। जब लोगों ने उधर देखा तो मिसाइल जैसी कोई चीज गिरी पड़ी थी। कहीं उसमें विस्फोट न हो जाए इस डर से लोग दूर जाकर खड़े हो गए। कुछ लोगों ने कहा कि मिसाइल गिरी है तो कुछ ने कहा कि राॅकेट गिरा है।
इसे भी पढ़ें: नेपाल सीमा के दो गांव पीएफआई का ठिकाना...पूर्वांचल है निशाना
बात फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एसपी सत्यजीत गुप्त, एडीएम जय प्रकाश, एएसपी संतोष सिंह, एसडीएम शैलेश दुबे, कोतवाल सर्वेश राय पहुंचे और फ्यूल टैंक के पास लगी भीड़ को हटाकर बैरिकेडिंग कराई। एसपी ने बताया कि बंजरिया गांव के सिवान के खेत में गिरे जगुआर प्लेन के दो फ्यूल टैंक को एयरफोर्स के अधिकारी ले गए हैं।