धनघटा चौराहे पर सड़क के किनारे हुआ अतिक्रमण-संवाद
धनघटा। नगर पंचायत की सीमा में पड़ने वाले धनघटा, उमरिया बाजार, है़सर बाजार की सड़कें अतिक्रमण के चपेट में हैं। फुटपाथ पर फल विक्रेता और सड़कों पर टेंपो चालकों के कब्जा कर लेने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। नगर पंचायत एक तरफ अतिक्रमण हटवाता है तो दूसरी तरफ कब्जा हो जाता है। इससे निपटने के लिए अब नगर पंचायत लगातार अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल से बचने के लिए बड़े वाहन चालक लोकल रास्ता पकड़ रहे हैं। बड़े वाहनों की ज्यादा संख्या में आवाजाही से यहां की सड़कें हमेशा व्यस्त हो जा रही हैं। धनघटा चौक पर जाम की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। राहगीर राजन राय का कहना है कि धनघटा की सड़कों पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी अजय कुमार का कहना है कि सड़क की पटरी पर जहां फल और सब्जी विक्रेता कब्जा किए हुए हैं। वही सड़क पर टेंपो चालक टैक्सी स्टैंड बना रखे हैं। जिससे यहां पर आए दिन हादसा हो रहा है। रामशरण का कहना है कि धनघटा की सड़क जब तक पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं होगी तब तक हादसा रुकने वाला नहीं है। व्यापारी राम मूरत का कहना है कि पटरी पर दुकान लगाने वाले तो रास्ता को अवरुद्ध कर ही रहे हैं। साथ ही साथ टैक्सी चालक सड़क पर टैक्सी स्टैंड बना रखे हैं।
रामचंद्र का कहना है कि अभी हाल ही में हुए हादसे का कारण यहां पर अतिक्रमण ही है। अतिक्रमण हटाने के नाम पर प्रशासन के लोग खानापूरी करते हैं। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी धीरज कुमार सिंह का कहना है कि अतिक्रमण हटाने का काम हमेशा चलता रहेगा। नगर पंचायत की सीमा में पड़ने वाले बाजारों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।