धोखाधड़ी के मामले में अज्ञात पर केस दर्ज
- दुकानदार से एक लाख 85 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बखिरा। मेंहदावल क्षेत्र के समदा गांव निवासी टाइल्स के एक कारोबारी ने गुजरात प्रांत के मोरवी निवासी एक व्यक्ति के कहने पर उसकी कंपनी के खाते में एक लाख 85 हजार रुपये तो भेज दिया, लेकिन वह रकम टाइल्स सप्लाई करने वाली फर्म को नहीं मिली। रुपये देने के बाद भी कारोबारी को टाइल्स नहीं मिले तो उसने बखिरा पुलिस को तहरीर दी। बखिरा पुलिस ने कारोबारी की तहरीर पर फर्म के अज्ञात मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
समदा गांव निवासी अजहर हुसैन ने टाइल्स आदि सामानों की बिक्री के लिए दुकान खोली है। इनका अधिकांश टाइल्स गुजरात प्रांत से आता है। बीते छह अगस्त को टाइल्स खरीदने के लिए गुजरात के एक व्यक्ति से इनकी बात हुई थी। इसी आधार पर स्टेफिना कंपनी मोरवी गुजरात के गोदाम पर माल लोड करने के लिए ट्रक भेज दिया गया। अजहर ने टाइल्स के लिए उसी दिन सांथा स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा से एक लाख 85 हजार रुपये मैट्रिक्स सिरेमिक्स के खाते में भेज दिया। परंतु सात अगस्त को उस व्यक्ति ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। गुजरात की जिस फर्म से टाइल्स मिलना था, उसे रुपये नहीं मिले तो वहां ट्रक पर लदे माल को उतरवा लिया।
इस संबंध में एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में मैट्रिक्स सिरेमिक्स के खातेदार के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।