संतकबीरनगर। ऑनलाइन शॉपिंग एप से बच्चों के खिलौने खरीदने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुई महिला को साइबर सेल से राहत मिली है। सेल और कोतवाली खलीलाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता के खाते में 4,598 रुपये वापस हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन लेनदेन में पूरी सतर्कता बरतें। ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार तिवारी टोला क्षेत्र निवासी महिला ने 21 मार्च को शिकायत दर्ज कराई कि ऑनलाइन शॉपिंग एप पर बच्चों के खिलौने खरीदने के दौरान एक साइबर ठग ने झांसे में लेकर 4,598 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने तत्काल कोतवाली खलीलाबाद में शिकायत की। साइबर हेल्प डेस्क ने मामले को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की प्रभावी पैरवी से ठगी गई पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति से ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य जानकारी साझा न करें।