बखिरा। थाना क्षेत्र अंतर्गत लेडुआ महुआ टोला झुगिया में होली के कुछ दिन बाद मारपीट के मामले में चार माह बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पीड़िता राजेश्वरी देवी पत्नी श्रीनद निवासी लेडुआ महुआ, टोला झुगिया ने बताया होली के दिन उसके बेटे विशाल का अभियुक्त बिक्की से किसी बात को लेकर वाद-विवाद हो गया था, जिसके बाद बिक्की ने विशाल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद 15 मार्च की शाम को बेटा विशाल अपने घर के दरवाजे पर बैठा था, तभी बिक्की, पंचम, निगम और गोपाल लाठी, डंडा और लोहे के रॉड से लैस होकर उनके दरवाजे पर आकर गालियां देने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए विशाल को पकड़ लिया। इसके बाद उसे लात, मुक्का, डंडा और लोहे के रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार के लोगाें को भी पीटकर घायल कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना उन्होंने तत्काल थाना बखिरा पर दी और रजिस्टर्ड डाक से पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर को भी भेजी। पुलिस ने उनके बेटे विशाल का डॉक्टरी मुआयना तो बखिरा सरकारी अस्पताल में कराया, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।